Uncategorized

केदारनाथ धाम की ऐसी तस्वीरें पहले नहीं देखी होंगी आपने, बर्फबारी ने बढ़ाई धाम की दिव्यता

Snowfall in Uttarakhand Kedarnath Dham केदारनाथ धाम में बर्फबारी के बाद नजारा बेहद खूबसूरत बना हुआ है.

रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड): ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ की नगरी एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर में लिपट गई है. केदारनाथ धाम में रात्रि के दौरान हुई ताजा बर्फबारी से संपूर्ण केदारपुरी का नजारा बेहद मनमोहक हो गया. बर्फ से ढकी हिमालय की ऊंची चोटियां और सफेद बर्फ से आच्छादित धाम की वादियां श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही हैं. मौसम में बढ़ती ठंड और लगातार हो रही बर्फबारी के बावजूद बाबा केदार के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई है.

बर्फबारी थमने के बाद धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही फिर तेज हो गई है. देश के विभिन्न राज्यों से पहुंच रहे श्रद्धालु पैदल मार्ग, घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी और हेली सेवा के माध्यम से केदारपुरी पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं. बर्फबारी के बीच धाम का दिव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को विशेष अनुभूति करा रहा है. श्रद्धालु बाबा के दर्शन के साथ बर्फ से ढकी चोटियों और प्राकृतिक सौंदर्य को भी अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं.

इस साल की केदारनाथ धाम यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है. यात्रा समापन में महज 10 दिन शेष रह गए हैं. आगामी 11 नवंबर को भैयादूज के पावन अवसर पर प्रातः 8:30 बजे भगवान केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे. इसके साथ ही छह माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में संपन्न होगी. इसके बावजूद यात्रा के अंतिम दिनों में भी श्रद्धालुओं का धाम पहुंचने का सिलसिला जारी है. अब तक कुल 18,80,398 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर पुण्य अर्जित कर चुके हैं.

इधर, मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन भी यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर सतर्क है. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए धाम में ठहरने, भोजन, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. वहीं रुद्रप्रयाग पुलिस स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यात्रा को सुचारु बनाए रखने में जुटी हुई है. जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ धाम में लगातार बढ़ रही ठंड और बर्फबारी को देखते हुए पर्याप्त गर्म कपड़े साथ लेकर आएं.

धाम में बर्फबारी का दौर जारी है. बर्फबारी के बीच भक्त बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं. 11 नवंबर को विधि विधान के साथ बाबा केदार के कपाट बंद हो जाएंगे.
-उमेश पोस्ती, तीर्थ पुरोहित, केदारनाथ धाम

यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा अपनी शारीरिक क्षमता और मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करें. उन्होंने श्रद्धालुओं से पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की है. बर्फबारी से निखरी केदारपुरी की खूबसूरती और बाबा केदार के दर्शन के लिए उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मौसम की चुनौतियां भी श्रद्धा और विश्वास के आगे छोटी पड़ जाती हैं.

Related Articles

Back to top button