Newsbeatआपका शहरउत्तराखंडखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

बहरूपिये चोर: कभी नकाब पहना, कभी कपड़े बदले तो कभी हेयर स्टाइल, पुलिस भी रह गई दंग

पुलिस को चकमा देने के लिए बाइक चोर अपना हुलिया बदलते रहे. आखिरकार पुलिस चोरों तक पहुंच गई.

रुड़की: हरिद्वार जिले की झबरेड़ा थाना पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक-दो नहीं, बल्कि 19 चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं. आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कभी चेहरा ढका तो कभी कपड़े बदले और कभी हेयर स्टाइल तक बदल डाले, लेकिन पुलिस की नजर से ज्यादा देर तक नहीं बच सके और 500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज, मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी ने बाइक चोरी के इस खेल का पर्दाफाश कर दिया.

दरअसल, मामला 17 अगस्त का है, झबरेड़ा थाना क्षेत्र के लाठर देवा शेख गांव में मंगलौर कोतवाली क्षेत्र निवासी आस मोहम्मद की स्प्लेंडर बाइक संख्या UK17N-8438 चोरी हो गई थी. शिकायत के आधार पर झबरेड़ा कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था. वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और चोरों तक पहुंचने के लिए जांच का सिलसिला शुरू हुआ. पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर संभावित भागने वाले रास्तों तक करीब 500 सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला, इस दौरान एक-एक संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी गई, पुराने वाहन चोरों का सत्यापन किया गया और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया.

जांच के दौरान पुलिस के सामने एक चौंकाने वाली तस्वीर आई, आरोपी बेहद शातिर तरीके से अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार मास्क, कपड़े और हेयर स्टाइल बदलते थे. यही वजह थी कि उनकी पहचान तक पहुंचना पुलिस के लिए आसान नहीं था, मगर तकनीकी और मैनुअल इनपुट के सहारे पुलिस ने आखिरकार संदिग्धों की गतिविधियों का सिरा पकड़ लिया. जिसके बाद रविवार 6 सितंबर को फाजिलपुर चौराहे के पास पुलिस ने घेराबंदी कर अरमान (18 वर्ष) पुत्र मुजम्मिल निवासी ग्राम तेलीवाला, कोतवाली गंगनहर और मोनू (19 वर्ष) पुत्र महेंद्र निवासी बरशेर सिकंदरपुर, बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी शक्ति विहार कॉलोनी, कोतवाली गंगनहर को चोरी की बाइक समेत दबोच लिया गया.

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि

दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया है, आरोपियों के कब्जे से 19 चोरी की बाइकें बरामद हुई हैं. आरोपी इतने शातिर हैं कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए कभी चेहरा ढकते थे तो कभी कपड़े बदलते थे और कभी हेयर स्टाइल बदलते थे. लेकिन आरोपी कितना भी शातिर क्यों ना हो कानून के शिकंजे से नहीं बच सकता.
-शेखर चंद्र सुयाल, एसपी देहात-

पुलिस पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई 18 अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, इस तरह पुलिस के हाथ कुल 19 बाइक लगी. बरामद वाहनों में झबरेड़ा, कोतवाली नगर, रुड़की और उत्तर प्रदेश के सदर सहारनपुर क्षेत्र से चोरी की गई बाइक शामिल हैं. बाकी वाहनों के संबंध में भी पुलिस दूसरे जिलों और थानों से संपर्क कर रही है.

आरोपी अरमान पहले भी गंगनहर कोतवाली से जुड़े चोरी और हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है, वहीं, दूसरा आरोपी मोनू मूल रूप से बरेली का रहने वाला है और वर्तमान में गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था, पुलिस ने दोनों को नशे का आदी बताया है. हालांकि, एक बाइक की चोरी से शुरू हुई जांच ने पुलिस को 19 चोरी की मोटरसाइकिलों तक पहुंचा दिया. अब पुलिस की नजर इस बात पर है कि बरामद बाइकों के पीछे सिर्फ यही दो चेहरे हैं या चोरी के इस नेटवर्क में और भी अन्य लोग शामिल हैं.

Related Articles

Back to top button