नगरासू गुरुद्वारा विवाद: वार्ता से समाधान की ओर बढ़ रहा मामला, अभी भी डटे हैं 5 निहंग सिख

नगरासू गुरुद्वारा विवाद पर प्रशासन-पुलिस की निगरानी में स्थिति सामान्य है. पुलिस प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील की है.![]()
रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड): नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में 20 जून को हुए विवाद के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. साथ ही लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा पर इस घटना का कोई प्रभाव नहीं पड़ा है और दोनों यात्राएं पूर्ववत सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं. नगरासू गुरुद्वारा में निहंग सिख डटे हुए हैं. बताया जा रहा है कि 5 निहंग सिख अभी भी छत पर डटे हुए हैं. एक निहंग सिख माफी मांगकर घर चला गया है. जबकि एक निहंग सिख सोमवार सुबह खाना लेने नीचे आने पर पुलिस के हत्थे चढ़ा. वहीं प्रशासन और गुरुद्वारा संचालकों की निहंग सिखों से बातचीत जारी है.
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि 20 जून को नगरासू गुरुद्वारे में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों से वार्ता शुरू की. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गुरुद्वारे के सेवादारों और वहां पहुंचे कुछ निहंग सिख यात्रियों के बीच किसी विषय को लेकर मतभेद उत्पन्न हुआ था, जिसके चलते कुछ निहंग सिख गुरुद्वारे की छत पर चले गए और वहां पहुंचने वाले मार्ग को बंद कर दिया. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति लगातार संबंधित पक्षों के संपर्क में हैं.
वार्ता के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं तथा दो निहंग सिख छत से नीचे उतरकर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं. अन्य लोगों को भी शांतिपूर्ण समाधान के लिए समझाने का प्रयास जारी है.पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही कई खबरों को तथ्यहीन और भ्रामक बताते हुए कहा कि गुरुद्वारे पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं किया गया है और न ही किसी व्यक्ति को बंधक बनाए जाने जैसी कोई स्थिति है. गुरुद्वारे में लंगर सेवा, अरदास और अन्य धार्मिक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हो रही हैं. श्रद्धालु सामान्य रूप से गुरुद्वारे में आ-जा रहे हैं और अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं.
हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है. सभी यात्रा मार्ग खुले हैं तथा कहीं भी यातायात बाधित नहीं है. श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं. कुछ माध्यमों से यात्रा प्रभावित होने और स्थिति गंभीर होने संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है.
-विशाल मिश्रा, जिलाधिकारी-
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि प्रशासन ने आमजन, श्रद्धालुओं और विभिन्न संगठनों से केवल प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने की अपील की है. प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से लोगों से शांति, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का आह्वान करते हुए किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना को साझा न करने की अपील की है. अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में सेना की तैनाती संबंधी चल रही खबरें पूरी तरह असत्य और निराधार हैं. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं.