मैकेनिक हत्याकांड केस: ‘तीसरी आंख’ ने खोल दी अपराधियों की पोल, हत्यारों के गिरेबान तक पहुंची पुलिस

बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या मामले में पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है. सीसीटीवी कैमरे में बदमाश कैद हुए हैं.
हरिद्वार: बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शान्तरशाह मार्ग पर बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या के बाद मंगलवार को वारदात से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. सोमवार शाम हुई हत्या के बाद सामने आए फुटेज में दो बदमाश पैदल भागते हुए दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि दोनों बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद पैदल ही मौके से निकले और कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़े तीसरे साथी तक पहुंचे. इसके बाद तीनों जंगल के रास्ते फरार हो गए.
वायरल सीसीटीवी फुटेज में मुंह बांधे दो युवक तेजी से पैदल भागते नजर आ रहे हैं. दोनों के हाथ में हथियार थे. एक युवक के कंधे पर पिट्ठू बैग दिखाई दे रहा है. फुटेज में दोनों एक दुकान के पास से गुजरते हुए अंधेरे और खाली पड़े प्लॉट की तरफ जाते नजर आ रहे हैं. इसी दौरान कुछ स्थानीय लोग भी उनके पीछे दौड़ते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि हथियारों के डर से लोग बदमाशों को पकड़ नहीं पाए. क्योंकि दोनों ने लोगों को डराने के लिए आगे जाकर हवाई फायर भी किए थे.
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद दोनों बदमाश पैदल एक तय स्थान की ओर गए थे. वहां उनका तीसरा साथी बाइक लेकर पहले से इंतजार कर रहा था. दोनों के पहुंचने के बाद तीनों जंगल की तरफ निकल गए. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के भागने वाले रास्ते और तीसरे आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है. आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे बदमाशों की पहचान और उनके आने जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके.
दरअसल शान्तरशाह गांव निवासी हैप्पी बहादराबाद शान्तरशाह मार्ग पर बाइक मैकेनिक की दुकान चलाता था. सोमवार शाम दो बदमाश पैदल उसकी दुकान के पास पहुंचे और अंदर घुसकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोलियां लगने से हैप्पी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गया. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. इसी दौरान दोनों बदमाश हथियार लहराते हुए वहां से भाग निकले. स्थानीय लोगों ने पीछा किया, लेकिन दोनों जंगल की ओर निकल गए. घटना के बाद पुलिस ने जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया. जिले की बॉर्डर और प्रमुख मार्गों पर संदिग्ध वाहनों की जांच की गई. पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं. सीआईयू भी जांच में लगी हुई है.
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जांच की जानकारी ली. एसएसपी ने बताया कि पुलिस को हत्याकांड से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं. जांच प्रभावित न हो, इसलिए अभी इनका खुलासा नहीं किया जा सकता. पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा.