प्रदेश में परिवहन निगम के कर्मचारियों की छुट्टियां 30 नवंबर तक कैंसल

उत्तराखंड: प्रदेश में परिवहन निगम ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टियां 30 नवंबर तक के लिए रद्द कर दी हैं। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे यात्रियों की आवाजाही के हिसाब से बस संचालन बढ़ाएं।
परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन एवं तकनीकी दीपक जैन की ओर से मंडल प्रबंधक, उप महाप्रबंधक, सहायक महाप्रबंधकों को पत्र भेजा गया है। इसमें कहा गया है कि देहरादून-ऋषिकेश-देहरादून सहित कई मार्गों पर यात्रियों के लिए कम बस उपलब्धता की शिकायत को तत्काल दूर किया जाए। 15 अक्तूबर से शुरू होने जा रहे त्योहारी सीजन के मद्देनजर यात्रियों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे बस की जरूरत और बढ़ेगी। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी डिपो सहायक महाप्रबंधक लोकल मार्गों की निर्धारित बस सेवाओं की समीक्षा करें। यात्रियों की उपलब्धता के आधार पर बस रिशेड्यूल कर अतिरिक्त बस संचालन करें।