FRI में 49वीं अखिल भारतीय पुलिस साइंस कांग्रेस का आयोजन

देहरादून के वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआइ) में 49वीं अखिल भारतीय पुलिस साइंस कांग्रेस शुरू हो गई है। पुलिस कांग्रेस में 12 राज्यों के पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक, कमांडेंट, कमिश्नर, डायरेक्टर स्तर के अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रथम सत्र में 5जी युग में पुलिस व्यवस्था के अन्तर्गत हुई चर्चा में राजा श्रीवास्तव, अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश ने बताया कि भ्रष्टाचार विरोधी जांचों में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के उपयोग से क्रांतिकारी बदलाव आए हैं। आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अल्प समय में डेटा का विश्लेषण कर जांचों को समय से किया जा सकता है। अपराधियों की डिजिटल बिहेवियर रिपोर्ट जांच में काफी मदद देती है। वर्तमान समय में कई जांचों में फाइनेंशियल, बिहेवियर एनालिसेस का प्रयोग कर अच्छे रिजल्ट मिले हैं, जो साक्ष्यों को न्यायालय में मजबूत आधार प्रदान करते हैं।