Newsbeatआपका शहरउत्तराखंडट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरताज़ा ख़बरेंन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

देहरादून में म्यूल अकाउंट से धोखाधड़ी, साइबर ठगों ने 6 बैंकों के एटीएम से निकाले लाखों रुपए, रहें सावधान

देहरादून के कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में अलग-अलग बैंकों के एटीएम से 5.61 लाख रुपए से ज्यादा की अवैध निकासी का मामला सामने आया है

देहरादून: इसी महीने की शुरुआत में एसटीएफ ने साइबर अपराधियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ सात दिवसीय ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ चलाया था. इस दौरान ठगी की रकम निकालने वालों से लेकर साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों, सिम, एटीएम, चेक और डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने वालों पर कार्रवाई की गई थी. अभियान के दौरान 15 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था. 247 संदिग्धों को कानूनी नोटिस जारी किए गए थे. इसके बावजूद फ्रॉड के मामले थम नहीं रहे हैं. ताजा मामला देहरादून का है.

देहरादून में कई एटीएम से अवैध निकासी: देहरादून के कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में अलग-अलग बैंकों के एटीएम से 5.61 लाख रुपए से ज्यादा की अवैध निकासी का मामला सामने आया है. साइबर सेल की जांच में करनपुर, ईसी रोड, राजपुर रोड, दर्शन लाल चौक, सर्कुलर रोड और 5th क्रॉस रोड स्थित एटीएम से रकम निकाले जाने की जानकारी मिली है. मामले में करनपुर चौकी प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ BNS की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

6 इलाकों के एटीएम से निकाली गई रकम: साइबर सेल की पड़ताल में सामने आया कि आरोपियों ने किसी एक एटीएम को निशाना नहीं बनाया. उन्होंने अलग-अलग इलाकों में लगे अलग-अलग बैंकों के एटीएम से कई किस्तों में रकम निकाली. जांच में SBI, यूको बैंक, केनरा बैंक, साउथ इंडियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम सामने आए हैं. इन सभी एटीएम से कुल 5,61,256.53 रुपए की निकाली बताई जा रही है.

संदिग्धों की पहचान कर रही है पुलिस: साइबर सेल की रिपोर्ट मिलने के बाद करनपुर चौकी प्रभारी ने संबंधित एटीएम और घटनास्थलों की जांच की गई. पुलिस ने सभी संबंधित एटीएम की जानकारी जुटाकर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. फुटेज के आधार पर रकम निकालने वाले संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अलग-अलग एटीएम से निकासी करने के पीछे कौन लोग शामिल हैं. रकम किस तरीके से निकाली गई.

म्यूल अकाउंट से निकाले गए पैसे: उपनिरीक्षक विक्की टम्टा ने बताया है कि-

एटीएम से म्यूल अकाउंट से पैसों की निकासी की गई है. म्यूल अकाउंट (Mule Account) वह बैंक खाता होता है, जिसका उपयोग साइबर अपराधी या जालसाज अवैध या ठगी से प्राप्त धन को प्राप्त करने और आगे ट्रांसफर करने के लिए करते हैं.
-विक्की टम्टा, उपनिरीक्षक, डालनवाला कोतवाली-

अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज: कोतवाली डालनवाला प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया है कि-

उपनिरीक्षक विक्की टम्टा की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
-विनोद गुसाईं, प्रभारी, डालनवाला कोतवाली-

Related Articles

Back to top button