उत्तराखंड

कांग्रेस कमेटी जूम बैठक में विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा, बीजेपी पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का लगाया आरोप

उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी की राजनीतिक मामलों की समिति की जूम बैठक में प्रदेश के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा लव जिहाद के बाद अब लैंड जिहाद के नाम पर लोगों की धार्मिक भावनाएं भड़काने का काम कर रही है।

उत्तरकाशी जिले के पुरोला में घटी घटना पर चर्चा करते हुए नेताओं ने एक सुर में कहा कि भाजपा एवं उसके अनुषांगिक संगठनों की ओर से जिस प्रकार देवभूमि के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने का काम किया जा रहा है, वह राज्य हित में नहीं है। कांग्रेस किसी भी हाल में राज्य का सांप्रदायिक माहौल नहीं बिगड़ने देगी।

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई गई। बागेश्वर में होने वाले आगामी उपचुनाव में पार्टी की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों, चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। तय किया गया कि उपचुनाव में कांग्रेस शासनकाल में किए गए विकास कार्यों को जनता के सम्मुख प्रमुखता से रखा जाएगा।

बैठक में प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व विधायक काजी निजामुद्दीन, प्रकाश जोशी, नवप्रभात, सुमित हृदयेश, वैभव वालिया, इशिता सेड़ा, ज्योति रौतेला आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button