DehardunNaitionalNewsbeatआपका शहरउत्तराखंडखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

‘जब रोजगार ही नहीं दे पा रहे तो काहे के रोजगार अधिकारी रहना’ फेसबुक पोस्ट लिखकर PCS अधिकारी ने छोड़ी सरकारी नौकरी

पौड़ी गढ़वाल में तैनात PCS अधिकारी उत्तम कुमार ने नौकरी न दे पाने के अफसोस के कारण वीआरएस ले लिया.

हरिद्वार: युवाओं को उनकी योग्यता के मुताबिक रोजगार उपलब्ध नहीं करा पाने का मलाल जताते हुए वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी 47 वर्षीय उत्तम कुमार ने 22 साल नौकरी करने के बाद सरकारी सेवा से वीआरएस ले लिया है. उत्तम कुमार ने मई के महीने में वीआरएस के लिए सरकार को पत्र लिखा था और 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर राज्य सरकार ने उनका वीआरएस स्वीकार कर लिया है. उत्तम कुमार लंबे समय तक हरिद्वार समेत प्रदेश के कई जिलों में जिला सेवायोजन अधिकारी के पद पर तैनात रहे हैं. नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर रोजगार व्यवस्था को लेकर अपनी भावना भी व्यक्त की है.

उत्तराखंड के स्थापना दिवस के मौके पर लिए गए इस फैसले की प्रशासनिक हलकों में चर्चा है. उत्तम कुमार ने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा

‘युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं करा पाने का उन्हें गहरा मलाल है. जब युवाओं को रोजगार ही नहीं दे पा रहे हैं तो फिर रोजगार अधिकारी बने रहने का क्या औचित्य है. नए रास्ते और नई मंजिल की ओर बढ़ने के लिए यह फैसला उन्हें हौसला देगा’.

उत्तम कुमार का यह संदेश सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. उत्तम कुमार हरिद्वार शहर के निवासी हैं और जिला सेवायोजन अधिकारी के रूप में उत्तम कुमार ने युवाओं के लिए रोजगार मेलों, करियर काउंसलिंग और रोजगार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में काम किया. ऐसे में उनके वीआरएस लेने और रोजगार व्यवस्था को लेकर सार्वजनिक रूप से अपनी पीड़ा जाहिर करने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

उनके फैसले के बाद प्रदेश में रोजगार को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है. खासकर ऐसे समय में जब सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए बढ़ावा देने का दावा कर रही है.

हालांकि वीआरएस लेने के बाद वो आगे क्या करेंगे? इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती. लेकिन चर्चा है कि वो राजनीति में कदम रख सकते हैं. विधानसभा चुनाव से पहले उनके इस्तीफे की खबर ने सबको चौंका दिया है. फिलहाल वर्तमान में उत्तम कुमार पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन में सेवानियोजन विभाग में सेवानियोजन अधिकारी के पद पर तैनात थे.

Related Articles

Back to top button