उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 का धमाकेदार आगाज, बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर ने बिखेरा जलवा

उत्तराखंड प्रीमियर लीग पर बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर ने अपनी शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम में समां बांधा.
देहरादून (उत्तराखंड): उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 की शुरुआत सोमवार को एक भव्य और रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ हुआ. देहरादून में आयोजित इस समारोह में उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. स्थानीय कलाकारों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और अपनी कला के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया.
उत्तराखंड प्रीमियर लीग में स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उद्घाटन समारोह में एक अलग ही ऊर्जा भर दी. कलाकारों के प्रदर्शन पर दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाईं, जिससे पूरे स्टेडियम में उत्साह और जश्न का माहौल बन गया. इतने बड़े मंच पर स्थानीय प्रतिभाओं को अपना हुनर दिखाने का अवसर देना भी इस समारोह की प्रमुख विशेषताओं में से एक रहा.
इसी बीच, बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर ने अपने डांस परफॉर्मेंस से उद्घाटन समारोह में ग्लैमर का तड़का लगाया. वाणी कपूर ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया और आयोजन में बॉलीवुड का रंग घोल दिया. उनकी परफॉर्मेंस के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत उत्तराखंड के सांस्कृतिक कार्यक्रमों और वाणी कपूर के डांस परफॉर्मेंस के संगम ने UPL 2026 की शुरुआत को यादगार बना दिया.
क्रिकेट के मैदान पर मुकाबला शुरू होने से पहले, उद्घाटन समारोह ने प्रशंसकों के बीच उत्साह को और बढ़ा दिया तथा लीग के लिए एक शानदार माहौल तैयार कर दिया. इससे पहले दिन में, राज्य की प्रमुख टी20 प्रतियोगिता के तीसरे संस्करण ‘उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 का आगाज 21 सितंबर को राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर, देहरादून में हुआ.
टूर्नामेंट की शुरुआत महिला प्रतियोगिता के साथ हुई, जिसमें मसूरी क्वींस, बागेश्वर एरियल, पिथौरागढ़ हरिकेन्स और देहरादून वॉरियर्स की टीमें शामिल हैं. उद्घाटन दिवस पर दो रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिसमें देहरादून वॉरियर्स और मसूरी क्वींस ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की.
इस भव्य उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड सरकार के सचिव (स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन) तथा सिडकुल के प्रबंध निदेशक विनय शंकर पांडे (IAS), बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष एवं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) के पूर्व सचिव माहिम वर्मा, CAU के मुख्य संरक्षक एवं संस्थापक पी.सी. वर्मा, CAU के अध्यक्ष दीपक मेहरा, CAU के सचिव किरण वर्मा, उत्तराखंड प्रीमियर लीग के अध्यक्ष सुनील जोशी, और उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 के मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) नवनीत मिश्रा उपस्थित रहे.


