DehardunNewsbeatआपका शहरउत्तराखंडखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरेंन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

22 सितंबर से होगी सेकंड फेज के हेली टिकटों की बुकिंग, मौसम अनुकूल होने पर मिलेगी उड़ान की अनुमति

चारधाम यात्रा में बड़ी तादाद में श्रद्धालु हेली सेवा से भी पहुंचते हैं. जिससे उनका सफर आसान हो जाता है.

देहरादून: उत्तराखंड चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के तहत हेली सेवाओं का संचालन 15 सितंबर से शुरू होने जा रहा है. जिसके लिए हेली टिकटों की बुकिंग 7 सितंबर को 15 से 30 सितंबर के लिए पूरी हो चुकी है. वहीं, एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक के लिए हेली टिकटों की बुकिंग 22 सितंबर को सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगी. हालांकि, मानसून सीजन की अभी पूरी तरह से विदाई नहीं हुई है, ऐसे में हेली यात्रा की सुरक्षा को देखते निर्णय लिया गया है कि मौसम के आधार पर ही हेली संचालन की अनुमति दी जाएगी. ताकि हेली यात्रियों की यात्रा सुलभ और सुरक्षित रहे.

जानकारी देते हुए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ प्रतीक जैन ने कहा कि केदारनाथ धाम के लिए हेली की शटल सेवा कल से शुरू हो जाएगी. इसी तरह चारधाम के लिए चार्टर सेवा और हेमकुंड साहिब के लिए हेली सेवा भी 15 सितंबर से शुरू हो जायेगी. पहले चरण में 15 सितंबर से 30 सितंबर तक के लिए हेली टिकटों की बुकिंग 7 सितंबर को पूरी हो चुकी है. ऐसे में दूसरे चरण के तहत 22 सितंबर को सुबह 11 बजे से 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक के लिए टिकटों की बुकिंग कराई शुरू की जाएगी.ऐसे में श्रद्धालु आईआरसीटीसी की ऑफिशल वेबसाइट के जरिए टिकट बुक कर सकते है.

अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को हेली सेवाओं के जरिए यात्रा का लाभ मिले इसके लिए चरणबद्ध तरीके से ही हेलीकॉप्टर की बुकिंग प्रक्रिया खोली की जा रही है. यानी 15-15 दिन के लिए हेली टिकटों की बुकिंग प्रक्रिया खोली जाएगी. ताकि एक साथ पूरे यात्रा सीजन की टिकट बुक न हो, साथ ही हेली सेवाओं के जरिए यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को टिकट बुक करने के लिए पर्याप्त समय मिले.
-प्रतीक जैन, सीईओ, उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट ऑथॉरिटी-

प्रतीक जैन ने आगे बताया कि कुछ टिकट ऐसे रहते हैं जिसको काउंटर टिकट के रूप में आखिरी समय में इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन जब मौसम ठीक रहता है, तब ही इसकी अनुमति दी जाती है. उत्तराखंड से मानसून की अभी विदाई नहीं हुई है, इसी बीच 15 सितंबर से हेली सेवाओं का संचालन शुरू होने जा रहा है. ऐसे में हेली यात्रा की सुरक्षा के सवाल पर प्रतीक जैन ने कहा कि 15 सितंबर तक मानसून धीरे-धीरे वापस होने लगता है.

लेकिन अभी भी क्लाउड कवर अधिक है जिसको देखते हुए हेली यात्रा की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके लिए मौसम विभाग के साथ समन्वय बनाया जा रहा है. यही नहीं, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में वेदर ऑब्जरवेशन सिस्टम भी लगाया गया है. ऐसे में मौसम को देखते हुए हेली सेवाओं के संचालक को अनुमति दी जाएगी. मानसून अंतिम चरण में है ऐसे में अगले करीब एक हफ्ते तक हेली संचालन में देरी हो सकती है. लेकिन उसके बाद हेली सेवाओं का संचालन सुचार रूप चलेगा.

Related Articles

Back to top button