रुद्रप्रयाग में होमगार्ड भर्ती को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह, 24 पदों के लिए 1103 आवेदन

रुद्रप्रयाग में होमगार्ड भर्ती में युवा अपना भाग्य आजमा रहे हैं. 24 पदों के लिए हजारों युवाओं ने आवेदन किया है.![]()
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार के सीमित अवसरों के बीच होमगार्ड भर्ती को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. छोटे से जनपद रुद्रप्रयाग में होमगार्ड के कुल 24 पदों के लिए 1103 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. इनमें पुरुषों के 20 पदों पर 917 तथा महिलाओं के 4 पदों के लिए 186 आवेदन प्राप्त हुए हैं. जिला मुख्यालय में इन दिनों भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है.
रुद्रप्रयाग जनपद में होमगार्ड जवानों की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जाती है. विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं में होमगार्ड जवान पुलिस और प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपनी सेवाएं देते हैं. इसके अतिरिक्त विभिन्न धार्मिक आयोजनों, मेलों, आपदा एवं राहत कार्यों में भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहती है. भर्ती प्रक्रिया 19 जुलाई तक चलेगी.
प्रतिदिन सुबह से बड़ी संख्या में युवा निर्धारित मानकों के अनुसार शारीरिक दक्षता एवं चयन प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं. अभ्यर्थियों में चयन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है.जिला होमगार्ड कमांडेंट सुरेंद्र दत्त डंगवाल ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जा रही है. पूरी चयन प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की पारदर्शिता संबंधी शंका की गुंजाइश न रहे.
उन्होंने बताया कि जनपद में पुरुषों के 20 तथा महिलाओं के 4 पदों पर भर्ती की जा रही है और सभी चरणों का संचालन निर्धारित नियमों के तहत किया जा रहा है. होमगार्ड भर्ती में अपेक्षा से कहीं अधिक आवेदन आने से एक बार फिर यह स्पष्ट हुआ है कि पर्वतीय क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं के प्रति युवाओं का आकर्षण लगातार बना हुआ है. सीमित रोजगार अवसरों के कारण प्रतियोगिता लगातार बढ़ती जा रही है.
भर्ती के लिए अभ्यर्थी का रुद्रप्रयाग जनपद का स्थायी निवासी, हाईस्कूल (10वीं) उत्तीर्ण तथा 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग का होना अनिवार्य है. आरक्षित वर्गों को शासन के नियमानुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी. चयन प्रक्रिया में सबसे पहले शारीरिक मापतोल (PST) की जाएगी. पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सामान्य, ओबीसी एवं एससी वर्ग की न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर, एसटी वर्ग के लिए 157.5 सेंटीमीटर तथा पर्वतीय क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए 160 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है. पुरुषों के सीने की माप सामान्य, ओबीसी एवं एससी वर्ग के लिए बिना फुलाए 78.8 सेंटीमीटर तथा फुलाकर 81.3 सेंटीमीटर होगी, जबकि एसटी एवं पर्वतीय क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए बिना फुलाए 76.3 सेंटीमीटर तथा फुलाकर 83.8 सेंटीमीटर निर्धारित है.
सभी पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सीने में न्यूनतम 5 सेंटीमीटर का फैलाव अनिवार्य होगा. महिला अभ्यर्थियों के लिए सामान्य, ओबीसी एवं एससी वर्ग की न्यूनतम लंबाई 152 सेंटीमीटर, जबकि एसटी एवं पर्वतीय क्षेत्र की महिला अभ्यर्थियों के लिए 147 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है. शारीरिक मापदंडों में सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) में शामिल किया जाएगा. इस परीक्षा के लिए कुल 30 अंक निर्धारित हैं. इसमें दौड़, लंबी कूद तथा क्रिकेट बॉल थ्रो के आधार पर अंक प्रदान किए जाएंगे. दौड़ में निर्धारित समय के अनुसार, लंबी कूद में तय दूरी के आधार पर अधिकतम 10 अंक, जबकि क्रिकेट बॉल थ्रो में गेंद फेंकने की दूरी के अनुसार अंक दिए जाएंगे.

