उत्तराखंडचम्पावतदुर्घटनासोशल मीडिया वायरल

मामा की शादी में जमकर नाची 10 साल की भावना, अगले दिन सरयू में नहाते समय डूब गई, मातम में बदली खुशियां

ये घटना चंपावत के नेत्रसलान गांव की है, पिथौरागढ़ की भावना मामा की शादी में शामिल होने के लिए ननिहाल गई थी

पिथौरागढ़/चंपावत: सीमांत पिथौरागढ़ जिले के सिंतोली गांव की 10 साल की बच्ची की सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई. बच्ची अपनी मां के साथ मामा की शादी में शामिल होने के लिए चंपावत जिले के पंचेश्वर स्थित नेत्रसलान गांव गई थी. इसी दौरान नहाने के दौरान ये हादसा हो गया. मासूम की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं.

मामा की शादी में आई थी भावना: मिली जानकारी के अनुसार सिंतोली गांव की 10 साल की भावना पीहू पुत्री सुमिरन सिंह कार्की अपनी मां सरस्वती के साथ अपने मामा की शादी में शामिल होने के लिए पंचेश्वर के नेत्रसलान गांव गई थी. बुधवार को भावना ने मामा की शादी में अपनी छोटी बहन के साथ खूब नृत्य किया. गुरुवार सुबह भावना अपनी मां सरस्वती, छोटी बहन सहित अन्य सदस्यों के साथ नहाने के लिए सरयू नदी में गई थी.

सरयू नदी में नहाने के दौरान डूब गई: नहाने के दौरान अचानक भावना का पैर फिसला और वो नदी में गहराई वाली जगह चली गई और डूब गई. बच्ची को डूबते देख चीख पुकार मच गई. परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद भावना को नदी से बाहर निकाला. इसके बाद भावना को प्राइवेट वाहन से पिथौरागढ़ जिला अस्पताल के लिए लाया गया. जिला अस्पताल में आपातकालीन ड्यूटी में तैनात डॉक्टर अमन आलम ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर के अनुसार बच्ची की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी.

पल भर में खुशियां मातम में बदलीं: जिला अस्पताल में जैसे ही मासूम के जीवित नहीं होने का पता चला, भावना की मां सरस्वती देवी बेहोश हो गईं. सूचना मिलने पर पहुंचे अन्य परिजनों ने महिला को सांत्वना दी. मासूम के पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं. उन्हें भी सूचना दे दी गई है. कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा.

गहरे सदमे में हैं दोनों परिवार: मासूम भावना की मौत से विवाह की खुशियां मातम में बदल गई. भावना के मामा के घर में विवाह के अवसर पर खूब नाच गाना हुआ था. भावना ने भी अपनी बहन के साथ खूब नाच गाना किया था. बृहस्पतिवार को भावना की मौत के कारण उसके ननिहाल में भी सभी सदस्य गहरे शोक में हैं.

Related Articles

Back to top button